सरगुजा। CG NEWS: उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुसवामुड़ा में 7 वर्षीय हथिनी की करंट से मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने खेत की फसल बचाने के लिए जानलेवा तरीके से बिजली का तार बिछाया था, जिसकी चपेट में आने से हथिनी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए तार को डैम में फेंक दिया था।
उदयपुर रेंज में हाथी की मौत की दूसरी घटना के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी थी। सुखरीभंडार के 12 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। करीब दो दिन की गहन पूछताछ के बाद जगमोहन मंझवार (41), भरोस मंझवार (41), पारस मंझवार (41), बुधराम मंझवार (41) और रतनराम मंझवार (37) ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पांचों को गिरफ्तार कर वन विभाग ने गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पूरे मामले का पर्दाफाश करने में रेंजर फेकू प्रसाद चौबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें सर्किल प्रभारी यादवंद सिंह पैकरा, गिरीशबहादुर सिंह, मलेश्वर प्रसाद, अशोक कुमार, वनरक्षक अमरनाथ राजवाड़े, राजेश कुजूर, अनीता मिंज, अरूलिया मिंज और वनपाल शशिकांत सिंह का विशेष योगदान रहा।
रातभर चालू रखते थे करंट, सुबह निकाल देते थे तार
घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर गन्ने की बाड़ी में बिजली के खंभे से तार जोड़कर करंट प्रवाहित किया जाता था। भरोस मंझवार शाम 7-8 बजे से सुबह करीब 4 बजे तक बिजली चालू रखता था और सुबह होने से पहले तार हटा देता था, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो। घटना वाले दिन जगमोहन मंझवार अपने खेत से घटनास्थल तक करंट प्रवाहित तार ले गया था। इसी दौरान हथिनी तार की चपेट में आ गई और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

.jpeg)

.jpeg)

0 Comments